
चंद्रपुर जिले के जिवती तालुका (प्रखंड) में जादू टोना किए जाने के शक पर बुजुर्गों और महिलाओं की बुरी तरह से पिटाई की गई है। यह घटना तेलंगाना और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित वणी खुर्द गांव की है। गांव में काला जादू करने का शक करते हुए चार महिलाओं और तीन बुजुर्गों को खंभे से बांधकर पीटा गया है। प्राप्त जानकारियों के मुताबिक इस पिटाई में गांव वाले मूक दर्शक बने रहे।
जिन लोगों को बुरी तरह से पीटा गया है वे सब दलित परिवार के बताए जा रहे हैं। उनके नाम साहेबराव उके (उम्र- 48 वर्ष), शिवराज कांबले (उम्र- 74 वर्ष), एकनाथ उके (उम्र- 70 वर्ष), शांताबाई कांबले (उम्र- 53 वर्ष), धम्माशीला उके (उम्र- 38 वर्ष), पंचफुला उके (उम्र- 55 वर्ष), प्रयागबाई उके (उम्र- 64 वर्ष) बताई गई हैं।
पीड़ित सात लोगों में से पांच की हालत गंभीर है। इन्हें चंद्रपुर के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इन पीड़ितों को बर्बर-बेरहम भीड़ से बचाया। जिवती पुलिस स्टेशन में असिस्टेंट पुलिस इंस्पैक्टर संतोष आंबिके द्वारा दी गई जानकारियों के मुताबिक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस गांववालों के मन से अंधविश्वास दूर करने के लिए और उनमें सही जागरुकता लाने के लिए अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की सहायता भी ले रही है।